16 जून 2023 - 09:46
सऊदी अरब के विदेश मंत्री की तेहरान यात्रा पर दुनियाभर की निगाहें

शनिवार 17 जून को सऊदी अरब के विदेशमंत्री फ़ैसल बिन फ़रहान तेहरान पहुंचने वाले हैं। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से यह जानकारी दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि इस देश के विदेश मामलों के मंत्री "फ़ैसल बिन फ़रहान" इस्लामी गणराज्य ईरान के अधिकारियों से मिलने और बातचीत करने के लिए शनिवार को तेहरान की यात्रा करेंगे। इससे पहले समाचार पत्र रायुलयौम ने इस बारे में लिखा था कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री फ़ैसल बिन फ़रहान ईरान के राष्ट्रपति के लिए सऊदी अरब के नरेश मलिक सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ का संदेश लायेंगे जो द्विपक्षीय संबंधों से संबंधित होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईरानी राष्ट्रपति और दूसरे अधिकारियों से वार्ता और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के उद्देश्य से सऊदी विदेशमंत्री तेहरान की यात्रा करेंगे। इससे पहले ईरान और सऊदी अरब के विदेशमंत्रियों ने हाल ही में दक्षिण अफ़्रीक़ा की राजधानी केपटाउन नगर में आयोजित हुई ब्रिक्स की बैठक में एक दूसरे से भेंटवार्ता की थी। इस मुलाक़ात में ईरानी विदेशमंत्री ने दोनों देशों के संबंध विस्तार की दिशा में मिलने वाली प्रगतियों व उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताई और कहा था कि अच्छी ख़बर यह है कि दोनों देशों के राजदूतों के नामों की घोषणा हो गई है और दूतावासों और काउंसलेटों को खोलने की भूमि भी प्रशस्त हो गई है। (RZ)

342/